Hardoi: डीसीएम श्रीराम समूह के लोनी चीनी मिल इकाई में वृहद् कृषि यन्त्र मेला का आयोजन।

गन्ना कृषकों की आय को बढ़ाने हेतु डीसीएम श्रीराम-शुगर समूह की लोनी इकाई में आज वृहद् कृषि यन्त्र मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन सानिया छाबड़ा

Oct 7, 2025 - 17:11
 0  209
Hardoi: डीसीएम श्रीराम समूह के लोनी चीनी मिल इकाई में वृहद् कृषि यन्त्र मेला का आयोजन।
डीसीएम श्रीराम समूह के लोनी चीनी मिल इकाई में वृहद् कृषि यन्त्र मेला का आयोजन।

रिपोर्ट- अम्बरीष कुमार सक्सेना

हरदोई। गन्ना कृषकों की आय को बढ़ाने हेतु डीसीएम श्रीराम-शुगर समूह की लोनी इकाई में आज वृहद् कृषि यन्त्र मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन सानिया छाबड़ा, मुख्य विकास अधिकारी, हरदोई एवं अंकित तिवारी, उपजिलाधिकारी, शाहाबाद द्वारा किया गया। श्रीमती छाबड़ा ने इस मौके पर किसानों की आय बढ़ाने व लागत को कम करने में गन्ने की खेती में यन्त्रीकरण को एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होनें इस तरह के कार्यक्रम को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि कृषकों में यंत्रीकरण के लिए जागरुकता हो सके।  

निधि गुप्ता, जिला गन्ना अधिकारी, हरदोई ने मेले में उपस्थित कृषक समुदाय को अवगत कराया कि इस वर्ष पेराई सत्र 2025-26 हेतु जारी गन्ना आपूर्ति सट्टा नीति में कई महत्वपूर्ण बदलाव किये गये हैं जिसमें से मुख्य रूप से यांत्रिक विधि से गन्ना कटाई, समिति की सदस्यता प्राप्त नये सदस्य, छोटे कृषकों व महिला कृषकों हेतु विशेष प्राविधान किया गया है एवं कैलेण्डरिंग में को० 15023 प्रजाति के गन्ने की खरीद को वरीयता दी गई है। साथ ही गन्ना प्रजाति को0 0238 में बढ़ते हुए लाल सड़़न रोग पर चिन्ता व्यक्त करते हुए किसानों से अन्य दूसरी उन्नतशील प्रजातियाँ जैसे-को०लख० 14201, को० 0118, को०शा० 13235, को०शा० 16202 व को० 15023 आदि की बुवाई कर गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने का सुझाव दिया।

इस अवसर पर डीसीएम श्रीराम-शुगर समूह के अधिशासी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी-शुगर रोशन लाल टामक ने गन्ने की खेती में मशीनीकरण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया।  भूमि की गिरती उर्वरा शक्ति पर चिन्ता व्यक्त करते हुये किसानों से जैविक खाद का अधिक से अधिक प्रयोग करने एवं किसानों को गन्ने की खेती में विभिन्न प्रकार के यन्त्रों को अपनाकर खेती के सरलीकरण करने पर जोर दिया। डीसीएम श्रीराम-शुगर समूह कृषकों को यन्त्रों के प्रयोग के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से इस तरह का वृहद् आयोजन करती रहती है, जिसमें क्षेत्रीय कृषकों को एक ही स्थान पर यन्त्रों के कार्य, प्रयोग करने का ढंग, रख-रखाव व मूल्यों पर विस्तार से चर्चा करने का अवसर मिलता है। डीसीएम श्रीराम लि. गन्ने की खेती को डिजिटल टूल्स से जोड़कर कृषकों की आमदनी बढ़ाने के लिए भी प्रयासरत है। ध्यान रहे कि क्षेत्र के विकास का रास्ता चीनी मिल से होकर गुजरता है। हमारा समूह अपने किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत् प्रयासरत है।  खेती में आमदनी बढ़ाने का मूल मन्त्र गन्ने की पैदावार बढ़ाने में है। टामक ने बताया कि पेड़ी की उपज बढाने के लिए यह आवश्यक है कि पेड़ी प्रबन्धन के लिए आर.एम.डी. मशीन के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाये।  गन्ने की पैदावार बढ़ाने में पर्णीय छिड़काव का बड़ा महत्व है, इसके माध्यम से पौधों को पोषक तत्वों की कमी की पूर्ति हो जाती है, इसलिए किसान भाइयों को ट्रैक्टर चलित स्प्रे मशीन तथा ड्रोन के माध्यम से अपने सम्पूर्ण गन्ने में पर्णीय छिड़काव कम से कम दो से तीन बार अवश्य कराना चाहिए। 

टामक ने बड़े गर्व के साथ अवगत कराया कि राज्य स्तरीय गन्ना प्रतियोगिता में गत वर्ष डीसीएम श्रीराम समूह के अजबापुर एवं लोनी चीनी मिल के 3 कृषकों ने प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। गन्ना उपज प्रतियोगिता में ग्राम छत्तापुर (अजबापुर मिल क्षेत्र) के ज्योति प्रकाश सिंह ने 2509 क्विंटल/हेक्टेयर उपज प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि अजबापुर मिल क्षेत्र के ग्राम ओसरी के संत कुमार वर्मा ने 2441.50 क्विंटल/हेक्टेयर उपज लेकर द्वितीय स्थान एवं लोनी मिल क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर के अनुराग शुक्ला ने 2011 क्विंटल/हेक्टेयर उपज के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।  साथ ही उन्होंने बताया समूह द्वारा अच्छी उपज लेने के लिये कृषकों को प्रोत्साहित करने हेतु आर्कषक योजनायें चलाई जा रहीं हैं जिसमें अच्छी उपज प्राप्त करने वाले कृषकों को रू० 50000/- तक की नकद इनामी धनराशि दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत पेराई सत्र 2024-25 में 1500 कु./हेक्टेयर से अधिक उपज प्राप्त करने वाले डीसीएम श्रीराम-शुगर समूह की चारों चीनी मिलों के 145 कृषकों को समूह द्वारा सम्मानित किया गया एवं उन्होंने पुरष्कार धनराशि प्राप्त की। इस अभियान का उद्देश्य कृषकों की आय को दोगुना करने में मिल का पम्थर साबित होगा। 

 भूमि को हानिकारक पेस्टीसाइड से छुटकारा देने के लिए बड़े पैमाने पर जैविक खाद व कीटनाशकों का वितरण किया जा रहा है। पानी बचाने की मुहिम के तहत विभिन्न शस्य क्रियाएं जैसे ट्रेंच प्लान्टिंग, ट्रैश मल्चिंग, लेजर लेवलिंग इत्यादि को अपनाने का अभियान चलाकर डीसीएम श्रीराम - शुगर समूह ने पिछले तीन वर्षों में 460.34 बिलियन लीटर पानी की बचत की है। 

उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान, शाहजहाँपुर के सहायक निदेशक डा. पी.के. कपिल ने अपने संबोधन में बताया कि इस तरह का आयोजन कृषकों के लिए अत्यधिक लाभकारी है। गन्ने की खेती में प्रयुक्त उन्नतशील तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आज के प्ररिपे्रक्ष्य में गन्ने की खेती में यंत्रीकरण की महत्ता के बारे में बताया और कहा कि यह गन्ने की खेती में लागत को कम करने में सहायक है। 

सोनालिका ट्रैक्टर्स, वी.एस.टी. ट्रैक्टर्स, कुबोटा, शक्तिमान, श्रीराम फार्म सोल्यूसन्श, अक्षमाला सोल्यूसन्श, स्टैन्डर्ड फर्टिलाइजर्स, भू-सारथी, लोहान एग्री-इक्विप्मेन्ट्स, कप्तान, महाकालेश्वर, गार्गी, रिवुलिस, किसान मशीनरी, नाटको  व कोरोमंडल जैसी 40 विभिन्न कंपनियों द्वारा कृषकों के मध्य यन्त्रों के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य से अपने उपकरणों और उत्पादों को लाइव संचालित कर प्रदर्शन किया गया।  

मेले में सभी किसानों एवं उद्यमियों का ’स्वागत किट’ के साथ स्वागत किया गया और विभिन्न स्टालों पर कंपनियों द्वारा प्रदर्शित मशीनरी और उत्पाद की जानकारी लेने के लिए सुझाव दिया गया। इस आयोजन में कुल 2500 किसानों ने भाग लिया और विभिन्न स्टालों पर जाकर उत्पादों की जानकारी और विशेषज्ञों को सुनने में उत्साह और रुचि दिखाई। 

मेले का एक विशेष आकर्षण नुक्कड़ नाटक था - गन्ने की खेती और विकास संबंधी गतिविधियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए तूफानी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत लोक गीतों के साथ एक मिश्रित प्रस्तुति दी गई तथा किसानों द्वारा लोकगीतों का लुत्फ उठाया गया। मेले के दौरान उद्यमियों और किसानों द्वारा विभिन्न मशीनों की खरीदारी की गई। इस अवसर पर गन्ना विकास परिषदों के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक एवं गन्ना समितियों के सचिव एवं अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। 

इस मौके पर डीसीएम श्रीराम समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी, हरियावाँ चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी, अजबापुर चीनी मिल के उपाध्यक्ष पी0के0 सिंह, लोनी चीनी मिल के अपर उपाध्यक्ष राजा श्रीवास्तव, रूपापुर चीनी मिल के सहायक उपाध्यक्ष संजीव कुमार तोमर एवं गन्ना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियो ने मेले में योगदान किया।  इस गोष्ठी का संचालन सुरेश चंद्र मिश्रा, अली आरजू ज़ैदी एवं चारूलता उपाध्याय ने किया।

Also Read- Hardoi : हरदोई में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा के लिए जन-जागरूकता अभियान

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।