Balrampur : पीएनबी नहरबालागंज शाखा में 12 करोड़ से अधिक के लोन घोटाले में लोन अप्रूवर अधिकारी गिरफ्तार
यह घोटाला बैंक के आंतरिक सिस्टम में सेंध लगाकर किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित कागजों का इस्तेमाल करते थे। विनय शर्मा ने अप
बलरामपुर। बलरामपुर पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक की नहरबालागंज शाखा में हुए 12 करोड़ से ज्यादा के बड़े लोन घोटाले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विनय शर्मा के रूप में हुई है, जो बैंक में लोन अप्रूवर अधिकारी (लेवल एस-1) के पद पर था। उसे लखनऊ के चिनहट इलाके से पकड़ा गया और बाद में स्थानीय अदालत में पेश किया गया। यह घोटाला बैंक के आंतरिक सिस्टम में सेंध लगाकर किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित कागजों का इस्तेमाल करते थे। विनय शर्मा ने अपनी आधिकारिक पहुंच का दुरुपयोग कर बैंक के सॉफ्टवेयर में फर्जी भारतीय जीवन बीमा निगम पॉलिसी नंबर डाले। इससे ऋण स्वीकृति की शुरुआती प्रक्रिया पूरी होती थी, फिर शाखा प्रबंधक द्वारा अंतिम मंजूरी दे दी जाती थी।
इस तरह कुल 86 फर्जी लोन खाते खोले गए। इनमें 46 सामान्य लोन खातों से 8 करोड़ से ज्यादा और 40 मुद्रा लोन खातों से लगभग 4 करोड़ रुपये का गबन किया गया। कुल गबन की राशि 12 करोड़ 3 लाख 37 हजार रुपये है। यह राशि नकद और अकाउंट ट्रांसफर के जरिए 'पीएसपी कंस्ट्रक्शंस' नामक फर्म से जुड़े लोगों तक पहुंचाई गई।
मामले की शुरुआत पीएनबी के अयोध्या सर्किल कार्यालय की विभागीय जांच से हुई, जिसमें शाखा में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पहले ही तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी, समरजीत सिंह और संतोष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि घोटाले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गबन की राशि की वसूली के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
Also Click : Lucknow : फॉर्म-6, 7 व 8 की दैनिक सूची सीईओ वेबसाइट पर उपलब्ध- मुख्य निर्वाचन अधिकारी
What's Your Reaction?