Sambhal: बंदरों से फसल बचाने को किसानों का अनोखा जुगाड़, भालू की वर्दी पहनकर कर रहे खेतों की रखवाली।

जनपद सम्भल के गांव फिरोजपुर में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान किसानों ने फसलों को बचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया

Mar 16, 2026 - 15:51
62 Views
Sambhal: बंदरों से फसल बचाने को किसानों का अनोखा जुगाड़, भालू की वर्दी पहनकर कर रहे खेतों की रखवाली।

उवैस दानिश, सम्भल 

जनपद सम्भल के गांव फिरोजपुर में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान किसानों ने फसलों को बचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। यहां किसान खेतों में भालू की वर्दी पहनकर रखवाली कर रहे हैं ताकि बंदरों को डराकर भगाया जा सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

गांव के किसान शमशाद ने बताया कि बंदरों के झुंड आए दिन खेतों में घुसकर सब्जियों को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे गोभी बोई जाए, प्याज लगाई जाए या बैंगन की फसल तैयार की जाए, बंदर सब कुछ नष्ट कर देते हैं। बंदरों के कारण किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है और कई बार पूरी फसल ही बर्बाद हो जाती है। किसान बताते हैं कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कई सालों से चली आ रही है। बंदर गांव के आसपास ही रहते हैं और मौका मिलते ही खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा देते हैं। इससे परेशान होकर किसानों ने चंदौसी से करीब 1400 रुपये की भालू की वर्दी खरीदी है। गांव में इस तरह की तीन से चार वर्दियां मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल किसान बारी-बारी से करते हैं। किसानों का कहना है कि जब कोई व्यक्ति भालू की वर्दी पहनकर खेत में जाता है तो बंदर घबरा जाते हैं और वहां से भाग जाते हैं। इसी वजह से अब दिनभर खेतों में निगरानी करनी पड़ती है। कभी खुद किसान तो कभी उनके बेटे खेतों में रहकर फसलों की रखवाली करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के कारण गांव के लगभग सभी किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि उनकी मेहनत की फसल सुरक्षित रह सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

Also Read- पाकिस्तान में 9 शेर और 2 जिराफ को दया मृत्यु, लाइलाज बीमारियों के कारण लिया गया फैसला।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow