Lucknow : यू.पी. रेरा ने 8 जिलों में रू.3348 करोड़ से अधिक की 14 रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी स्वीकृति
स्वीकृत 14 परियोजनाओं में लखनऊ की दो आवासीय परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें रू.109.23 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत कुल 200 इकाइयों का
3,852 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का होगा विकास; गौतमबुद्ध नगर निवेश और परियोजनाओं की संख्या में अग्रणी
लखनऊ / गौतमबुद्ध नगर : उत्तर प्रदेश भू सम्पदा विनियामक प्राधिकरण ने राज्य के विभिन्न जिलों में 14 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन परियोजनाओं में कुल रू.3,348.22 करोड़ का प्रस्तावित निवेश शामिल है। इनके माध्यम से 3,852 आवासीय और व्यावसायिक उपयोग की इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह स्वीकृति प्रदेश में पारदर्शी, संतुलित और सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इन परियोजनाओं को स्वीकृति यू.पी. रेरा की 196वीं प्राधिकरण बैठक में प्रदान की गई, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया।
विभिन्न जिलों में परियोजनाओं का विवरण
स्वीकृत 14 परियोजनाओं में लखनऊ की दो आवासीय परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें रू.109.23 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत कुल 200 इकाइयों का विकास किया जाएगा।
गौतमबुद्ध नगर को सर्वाधिक चार परियोजनाओं की मंजूरी मिली है, जो निवेश और इकाइयों की संख्या के लिहाज से शीर्ष पर रहा। इनमें दो आवासीय परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 1,617 इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि दो व्यावसायिक परियोजनाओं में 1,284 इकाइयां विकसित की जाएंगी। इन चारों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत रू.2,740.87 करोड़ है।
आगरा में रू.18.56 करोड़ की लागत से एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई है, जिसमें 236 इकाइयां विकसित होंगी।
गाजियाबाद में रू.196.85 करोड़ की लागत वाली एक परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसके अंतर्गत 125 आवासीय इकाइयां प्रस्तावित हैं।
मथुरा में रू.50.25 करोड़ की लागत से दो आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें कुल 187 इकाइयों का विकास किया जाएगा।
मुरादाबाद में रू.59.79 करोड़ की लागत वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है, जिनमें 72 इकाइयां शामिल हैं।
भदोही में रू.14.54 करोड़ की लागत से एक व्यावसायिक परियोजना को स्वीकृति मिली है, जिसके अंतर्गत 61 इकाइयों का विकास प्रस्तावित है।
प्रयागराज में रू.158.13 करोड़ की लागत से एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें 70 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
संतुलित और क्षेत्रीय विकास की दिशा में कदम
आठ जिलों में आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं की स्वीकृति यह दर्शाती है कि यू.पी. रेरा प्रदेश में संतुलित एवं योजनाबद्ध शहरी विकास को प्राथमिकता दे रहा है। जहां एक ओर आवासीय परियोजनाओं की संख्या अधिक है, वहीं गौतमबुद्ध नगर और भदोही जैसे शहरों में व्यावसायिक उपयोग परियोजनाओं की उपस्थिति तेजी से बढ़ते निवेश और व्यापारिक गतिविधियों की ओर संकेत करती है।
निवेश और रोजगार सृजन को मिलेगा बल
इन 14 परियोजनाओं में प्रस्तावित रू.3,348.22 करोड़ का निवेश प्रदेश में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न करेगा। निर्माण गतिविधियों के विस्तार से सीमेंट, स्टील, परिवहन, वित्तीय सेवाओं, लॉजिस्टिक्स तथा अन्य सहायक क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलने की संभावना है।
निवेशकों का बढ़ता विश्वास
प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र में निरंतर निवेश वृद्धि राज्य सरकार की सक्रिय और सुधारोन्मुख नीतियों का परिणाम है। स्वीकृति प्रक्रियाओं को सरल और समयबद्ध बनाया गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार, बुनियादी ढांचे का तीव्र विस्तार तथा यू.पी. रेरा के माध्यम से सख्त नियामकीय निगरानी ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष बल देते हुए राज्य सरकार प्रमुख शहरों के साथ-साथ उभरते जिलों में भी रियल एस्टेट विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।
अध्यक्ष का वक्तव्य
इस अवसर पर यू.पी. रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि 196वीं प्राधिकरण बैठक में 14 परियोजनाओं को दी गई मंजूरी प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र की सतत और संतुलित प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि रू.3,348.22 करोड़ का यह निवेश निर्माण गतिविधियों को नई गति देगा, रोजगार के अवसर बढ़ाएगा और गुणवत्तापूर्ण आवासीय एवं व्यावसायिक अवसंरचना की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि यू.पी. रेरा पारदर्शिता, नियामकीय अनुपालन और गृह खरीदारों के हितों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। साथ ही प्राधिकरण जिम्मेदार और दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
You May Read : 'मैं तुमसे प्यार करता हूं', टीचर ने 9वीं क्लास की नाबालिग छात्रा को वैलेंटाइन डे पर प्रपोज किया, हाथ पकड़ा
What's Your Reaction?











