गर्मी का कहर: जिला अस्पताल में सिर्फ 24 घंटे के भीतर ही आठ मरीजों की मौत।
- तेज बुखार के साथ कुछ मरीजों में हो रही ब्रेन हैमरेज की समस्या
अयोध्या। भीषण गर्मी अब लोगों के लिए जानलेवा हो रही है। जिला अस्पताल में सिर्फ 24 घंटे के भीतर ही छह मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें लगभग सभी तेज बुखार से पीड़ित होकर भर्ती हुए थे। वहीं, गर्मी से बेहोश मिले दो मजदूरों की भी मौत हो गई। इसी अवधि में 45 और मरीज तेज बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित होकर भर्ती हुए हैं, जिनमें पांच को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। भीषण गर्मी की वजह से मरीजों की बढ़ी संख्या से डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी परेशान हैं।
कैंट के नियांवा निवासी रजिया खातून (25) हाईग्रेड फीवर के साथ मंगलवार की रात 12 बजे भर्ती हुईं। चिकित्सकों ने इलाज तो शुरू किया, लेकिन रात में ही लगभग एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई। कुमारगंज के चितौरा बघौड़ा पूरे कच्चे निवासी बाबूराम तिवारी (80) तेज बुखार जैसे लक्षणों के साथ मंगलवार सुबह भर्ती हुए थे, जिन्होंने शाम पांच बजे अस्पताल के मेडिकल वार्ड में दम तोड़ दिया।
गर्मी लगने से आ रहा तेज बुखार, फिर बेहोशी
उधर, उमस भरी गर्मी की चपेट में आकर मंगलवार की दोपहर 12 बजे से 24 घंटे के भीतर जिला अस्पताल में भर्ती हुए 100 मरीजों में से 45 मरीज बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित थे। इनमें 30 मरीज हाईग्रेड फीवर की चपेट में आकर भर्ती हुए। कई मरीज तो अचेतावस्था में पहुंचे हैं, जिन्हें 10 से 12 घंटे बाद भी होश नहीं आया। सोहावल के डेरामूसी निवासी गोली (65) मंगलवार की दोपहर धूप में काम करने गए थे।
वहां से आए और चूल्हा जलाकर कुछ बनाने लगे। इसी बीच बेहोश होकर गिर गए। बेटे राम जियावन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, बुधवार दोपहर तक उन्हें होश नहीं आया था। इसी तरह मोदहा दक्षिणी निवासी रफी उल्ला (60) मंगलवार की शाम सात बजे, बीकापुर के दूबेपुर निवासी मो. शमीम का आठ माह का बेटा शोएब रजा शाम सात बजे, राजस्थान के भीलवाड़ा से दर्शन करने आए मूलचंद गुप्ता (70) शाम 7:20 बजे,
जजवारा हैदरगंज निवासी दुर्गा प्रसाद (50) शाम 7:50 बजे, 60 वर्षीय अज्ञात महिला रात आठ बजे, भिटारी इनायतनगर निवासी निर्मल कुमार का बेटा सूर्यांश (13) रात 9:40 बजे, गौरापट्टी नियांवा रुखसाना (60), बसंत अली का हाता रिकाबगंज निवासी सरिता मिश्रा (49) समेत अन्य मरीज तेज बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित होकर भर्ती हुए हैं।
बुखार के साथ हो रहा ब्रेन हैमरेज
जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि तेज बुखार के साथ कुछ मरीजों में ब्रेन हैमरेज की समस्या हो रही है। बुधवार की रात तारा देवी (58) तेज बुखार से पीड़ित होकर पहुंची थीं। सीटी स्कैन कराने पर ब्रैन हैमरेज की जानकारी मिली। इसी तरह कई अन्य मरीज भी भर्ती हुए हैं।
What's Your Reaction?











