Sambhal : पाकिस्तान–बांग्लादेश से भी उठेगी आवाज” अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा हमला
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद जी को हठ छोड़कर अपने मठ में जाना चाहिए और शंकराचार्य की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग शंक
Report : उवैस दानिश, सम्भल
अविमुक्तेश्वरानंद महाराज को लेकर चल रहे विवाद पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बेहद तीखे और राजनीतिक मायने रखने वाले बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ संत समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे देश को तोड़ने वाली ताकतों की साजिश है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साफ शब्दों में कहा कि आने वाले समय में इस विवाद पर पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी आवाजें उठेंगी।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद जी को हठ छोड़कर अपने मठ में जाना चाहिए और शंकराचार्य की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग शंकराचार्य को “शुक्राचार्य” बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि सनातन और भारत की एकता को कमजोर किया जा सके। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य को देश तोड़ने वाली ताकतों के हाथों का खिलौना नहीं बनना चाहिए। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि उनके समर्थन में मुस्लिम लीग, वामपंथी और “भारत तेरे टुकड़े होंगे” जैसे नारे लगाने वाले लोग खड़े नजर आएंगे। उन्होंने दावा किया कि यही नहीं, कुछ समय बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी उनके समर्थन में बयान आने लगेंगे।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अखिलेश यादव 2027 के चुनाव को देखते हुए हिंदुओं को बांटने की राजनीति कर रहे हैं और इसी उद्देश्य से शंकराचार्य को मोहरा बनाया जा रहा है। आरएसएस के सौ वर्ष पूरे होने पर हो रहे हिंदू सम्मेलनों को लेकर उन्होंने कहा कि जब-जब हिंदू समाज जागृत होता है, तब-तब सनातन विरोधी ताकतें घबरा जाती हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस सनातन और हिंदू समाज को जागृत करने का कार्य कर रहा है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि वे एक जमीनी और राष्ट्रभक्त नेता हैं, लेकिन उनके कंधे पर बंदूक रखकर कहीं और निशाना साधा जा रहा है। संत समाज में संभावित फूट को लेकर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि छोटे-छोटे मतभेदों के लिए सनातन की आहुति नहीं दी जानी चाहिए और सभी संतों को एक साथ बैठकर समाधान निकालना चाहिए।
What's Your Reaction?











