यूनिफाइड पेंशन स्कीम: भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्या होगा असर?
लेखक: विक्रांत निर्मला सिंह
विशेष आलेख... सरकारें देर से ही सही, लेकिन अंततः यह समझ जाती है कि जनता की अपेक्षाएँ क्या हैं। पिछले पाँच वर्षों के दौरान अगर हम मुद्दों की समीक्षा करें, तो पुरानी पेंशन योजना की बहाली एक प्रमुख मुद्दा बन गई थी। सरकारी कर्मचारी लगातार पेंशन की मांग को लेकर आंदोलित थे। यही कारण है कि मोदी सरकार भी पिछले एक वर्ष से इस पर कार्य कर रही थी। पहले एक समिति गठित की गई, फिर देश के विभिन्न कर्मचारी संघों से संवाद स्थापित किया गया और एक ऐसे मार्ग पर कार्य किया गया जिससे न तो वित्तीय बोझ उत्पन्न हो और न ही कर्मचारी निराश हों।
आज जब भारत सरकार ने पेंशन योजनाओं में एक क्रांतिकारी बदलाव करते हुए यूनिफाइड पेंशन स्कीम(UPS) को मंजूरी प्रदान की है। यह एक अत्यंत आवश्यक कदम था। इससे न केवल कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा, बल्कि अर्थव्यवस्था पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। यह नई योजना ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) और न्यू पेंशन स्कीम (NPS) दोनों का स्थान लेगी। इसके अंतर्गत अगर किसी कर्मचारी ने न्यूनतम 25 साल तक काम किया तो रिटायरमेंट से पहले आखिरी 12 महीने के औसत वेतन का कम से कम 50 फीसदी पेंशन के रूप में मिलेगा। यह योजना 1 अप्रैल 2025 से लागू होगी, जिससे केंद्र सरकार के 23 लाख कर्मचारी दायरे में आयेंगे और राज्य सरकारों के लगभग 90 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। UPS के तहत, 10% का योगदान कर्मचारियों द्वारा जारी रहेगा, जबकि केंद्र सरकार का योगदान 14% से बढ़ाकर 18.5% कर दिया गया है। यह निर्णय टीवी सोमनाथन समिति की सिफारिशों पर आधारित है, जो सरकार के आर्थिक प्रबंधन और कर्मचारियों के हित में एक संतुलित और विचारशील कदम है।
यह भी पढ़ें - हरदोई: मारपीट के मामले में एक गिरफ्तार
-
पुरानी पेंशन योजना और नई पेंशन योजना बनाम यूनिफाइड पेंशन स्कीम...
पुरानी पेंशन योजना (OPS) और नई पेंशन योजना (NPS) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। OPS के तहत, सरकारी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद जीवन भर पेंशन मिलती थी, जो उनके अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत होती थी। इसके विपरीत, NPS में पेंशन का निर्धारण बाजार आधारित निवेश पर निर्भर करता था, जो कई कर्मचारियों के लिए असंतोष का कारण बना।
यूनिफाइड पेंशन स्कीम के तहत, कर्मचारियों को कम से कम 25 वर्षों की सेवा के बाद अंतिम 12 महीनों के औसत वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में प्राप्त होगा। साथ ही, NPS में शामिल कर्मचारियों को भी UPS में स्थानांतरित होने का विकल्प दिया जाएगा, जिससे वे अधिक सुरक्षित और लाभदायक पेंशन प्राप्त कर सकेंगे। UPS के तहत सरकार के योगदान में भी वृद्धि की गई है, जिससे कर्मचारियों को अधिक आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।1 जनवरी 2004 के बाद केंद्र सरकार या राज्य सरकार में शामिल होने वाले सभी कर्मचारियों को इस नई योजना का विकल्प मिलेगा। जो कर्मचारी 31 मार्च 2025 तक सेवानिवृत्त हो चुके हैं या होने वाले हैं, उन्हें भी इस योजना के तहत बकाया राशि मिलेगी। पुरानी पेंशन योजना के तहत यूनिफाइड पेंशन स्कीम में महंगाई राहत भी शामिल होगी, जिससे पेंशनधारियों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी।
-
यूनिफाइड पेंशन स्कीम के राजनीतिक प्रभाव क्या होंगे?
यूनिफाइड पेंशन स्कीम का राजनीतिक परिदृश्य पर भी गहरा प्रभाव पड़ सकता है। कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी वादों में OPS को पुनः लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन यह उनके भीतर भी विवाद का विषय रहा। UPS के लागू होने से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है और कर्मचारियों के हित में एक संतुलित निर्णय लिया है। इस योजना के लागू होने से केंद्र सरकार को कर्मचारियों के बीच एक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की संभावना है, जो आने वाले चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस योजना के माध्यम से सरकार ने यह संदेश दिया है कि कर्मचारियों का कल्याण उसके प्राथमिक एजेंडे में है, और इसके सकारात्मक राजनीतिक परिणाम भविष्य में देखने को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
-
क्या यूनिफाइड पेंशन स्कीम अर्थव्यवस्था के लिए एक नया टॉनिक साबित होगी?
यूनिफाइड पेंशन स्कीम के आर्थिक लाभों पर विचार करें तो यह योजना कर्मचारियों के भविष्य की चिंताओं को कम करेगी, जिससे वे अधिक खर्च करने के लिए प्रेरित होंगे। जब कर्मचारी भविष्य की चिंता छोड़कर खर्च करेंगे, तो वे अन्य निवेश विकल्पों में भी अपने पैसे का निवेश करेंगे। इससे बाजार में मांग में वृद्धि होगी, जो अर्थव्यवस्था को एक नया बल प्रदान करेगी। बढ़ती मांग के कारण आपूर्ति भी बढ़ानी पड़ेगी, जिससे नई नौकरियों का सृजन होगा। एक तरह से, यह योजना अर्थव्यवस्था के लिए एक नए टॉनिक का काम करेगी।
अब अगर सवाल उठता है कि इसके लिए वित्तीय संसाधन कहाँ से आएंगे, तो उत्तर सरल है—वही से जहाँ से अब तक आता था। जब कर्मचारी अधिक खपत करेंगे, तो इससे जीएसटी के माध्यम से सरकार का राजस्व भी बढ़ेगा। जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था में वृद्धि होगी, वैसे-वैसे आर्थिक स्रोतों का विस्तार भी होगा, जिससे सरकार के पास अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इस प्रकार, UPS न केवल कर्मचारियों के जीवन में सुरक्षा लाएगी, बल्कि व्यापक रूप से देश की अर्थव्यवस्था को भी समृद्ध करेगी।
What's Your Reaction?









