Hardoi: चकबंदी विवाद में प्रताड़ना से तंग आकर किसान ने की आत्महत्या, डीडीसी सहित अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज।
हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी एक किसान राजू ने चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और अधिकारियों
हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी एक किसान राजू ने चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और अधिकारियों की लगातार प्रताड़ना से व्यथित होकर आत्महत्या कर ली। किसान का खेत बार-बार चकबंदी के दौरान प्रभावित किया गया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया। परेशान होकर दर-दर भटकने और रिश्वत की मांग का सामना करने के बाद उसने यह कदम उठाया। इससे पहले तहसील क्षेत्र के ग्राम टेनी में 13 वर्षों से जारी चकबंदी कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। गांव के किसानों ने बार-बार चकबंदी प्रक्रिया को रद्द कर धारा-6 लागू करने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों के दर्द को समझते हुए उनकी आवाज बुलंद की। गांव में प्रदर्शन के दौरान चकबंदी अधिकारी ने लिखित में 15 दिनों के अंदर प्रक्रिया निरस्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उच्च अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। नतीजतन, भारतीय किसान यूनियन ने जिले की सीमा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया और किसानों की मांग को चकबंदी आयुक्त तक पहुंचाया। इस दौरान कुछ किसानों ने आमरण अनशन भी किया। गांव में 70 प्रतिशत से अधिक किसानों ने मंतव्य प्रक्रिया में विरोध दर्ज कराया, लेकिन प्रशासन ने अधिकारियों की बात सुनी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गांव के एक अन्य विवाद को चकबंदी से जोड़कर किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश की गई।
किसान यूनियन का कहना है कि हरदोई का किसान अन्याय के खिलाफ हमेशा संघर्ष करता रहेगा और प्रशासन तथा चकबंदी के वरिष्ठ अधिकारियों को यह बात स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए। सिकंदरपुर के किसान राजू इसी कथित साजिश और भ्रष्टाचार का शिकार बने। उनकी आत्महत्या को यूनियन ने सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी करार दिया है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक और शाहाबाद थाना पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) ज्ञानेश त्रिपाठी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (एसओसी) पीसी उत्तम सहित कई अन्य अधिकारियों और संबंधितों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष मान हरनाम सिंह ने पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की आवाज को बुलंद किया जाएगा, चकबंदी आयुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा और मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। प्रदेश महासचिव श्यामू शुक्ला ने भी घोषणा की कि शीघ्र ही पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होंगे और जिले के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ संघर्ष तेज किया जाएगा।
Also Read- योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा में कांग्रेस पर साधा निशाना, कश्मीर को विवादित बनाने का ठीकरा फोड़ा।
What's Your Reaction?









