Sambhal: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, सपा नेताओं ने एसडीएम से की शिकायत।
SIR के बाद निर्वाचन नामावली प्रकाशित होने के बाद कुछ स्थानांतरित लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल होने को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति
उवैस दानिश, सम्भल
SIR के बाद निर्वाचन नामावली प्रकाशित होने के बाद कुछ स्थानांतरित लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल होने को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है। इसी मुद्दे पर सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी और सपा विधायक के पुत्र सुहैल इकबाल ने नई तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी रामानुज से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
तहसील परिसर में बातचीत के दौरान सुहैल इकबाल ने कहा कि यह एक बेहद संवेदनशील मामला है, जिस पर सपा कार्यकर्ता पिछले कई महीनों से लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य यही है कि जो वास्तविक मतदाता हैं, उनके नाम सही तरीके से मतदाता सूची में शामिल हों और किसी भी तरह की गड़बड़ी न रहे। इसके लिए पार्टी अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट (BLA) दिन-रात क्षेत्र में सक्रिय हैं। सुहैल इकबाल ने आरोप लगाया कि भाग संख्या 268, देहली गेट क्षेत्र की मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल पाए गए हैं, जो कई वर्षों से वहां निवास ही नहीं करते। उन्होंने कहा कि जिन मकानों में ये नाम दर्ज किए गए हैं, वहां वे लोग मौजूद नहीं हैं। इसके बावजूद बिना फॉर्म भरे उनके नाम सूची में कैसे शामिल हो गए, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने बताया कि जब इस बारे में जानकारी की गई तो कुछ जिम्मेदार लोगों ने कहा कि पहले से नाम सूची में थे, इसलिए दोबारा जुड़ गए होंगे।
इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही है तो फिर फॉर्म भरने की प्रक्रिया का क्या औचित्य है। सपा नेताओं ने बीएलए और आसपास के मोहल्लों के लोगों से भी जानकारी ली, जिन्होंने बताया कि संबंधित लोग वहां रहते ही नहीं हैं। रिपोर्टर के सवाल पर सुहैल इकबाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया 10 से 15 ऐसे नाम सामने आए हैं, जिन पर संदेह है। फिलहाल पूरी सूची की जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह गलती है या जानबूझकर की गई गड़बड़ी। उन्होंने आशंका जताई कि यदि मतदान के दिन ऐसे लोग वोट डालने पहुंच गए तो किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने पोलिंग बूथों पर लगे हालिया कैंपों में फॉर्म-6 और फॉर्म-8 उपलब्ध न होने और बीएलओ द्वारा अधिक औपचारिकताएं कराने का भी मुद्दा उठाया। सपा नेताओं ने मांग की कि आयु और पते से जुड़े आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट रूप से बताए जाएं, ताकि आम नागरिक आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकें। सपा जिलाध्यक्ष और पार्टी नेताओं ने एसडीएम से आग्रह किया कि मतदाता सूची की त्रुटियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को परेशानी न हो और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।
What's Your Reaction?











