Saharanpur : 'ऑपरेशन सवेरा' - नशे के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
जनपद सहारनपुर में 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 732 ग्राम चरस (मूल्य 73,200 रुपये) और 1073 ग्राम स्मैक (मूल्य 2.14 करोड़ रुपये) बरामद हुई।
सहारनपुर : नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह के नेतृत्व में “ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कर एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में संचालित इस विशेष अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ समन्वित और सघन कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत अब तक की गई कार्रवाइयों में उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने 23 अगस्त 2025 तक कुल 57 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और लगभग 4.69 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इसमें 12.812 किलोग्राम गांजा, 2943 ग्राम चरस, 2309 ग्रामस्मैक और 14.940 किलोग्राम डोडा शामिल है। इसके अतिरिक्त, 7800 नशीली गोलियां भी बरामद की गई हैं।
जनपद सहारनपुर में 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 732 ग्राम चरस (मूल्य 73,200 रुपये) और 1073 ग्राम स्मैक (मूल्य 2.14 करोड़ रुपये) बरामद हुई। मुजफ्फरनगर में 15 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ 11.902 किलोग्राम गांजा (मूल्य 2.97 लाख रुपये), 535 ग्राम चरस (मूल्य 53,500 रुपये), 1167 ग्राम स्मैक (मूल्य 2.33 करोड़ रुपये) और 5.640 किलोग्राम डोडा (मूल्य 45,120 रुपये) जब्त किया गया। वहीं, शामली में 12 अभियुक्तों से 910 ग्राम गांजा (मूल्य 22,750 रुपये), 1676 ग्राम स्मैक (मूल्य 16.76 लाख रुपये) और 9.300 किलोग्राम डोडा (मूल्य 74,400 रुपये) बरामद हुआ।
इस अभियान के तहत शामली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त एक अभ्यस्त अपराधी जितेंद्र उर्फ जित्ता, पुत्र पीतम सिंह, निवासी ग्राम किवाना, थाना कांधला, को PIT NDPS की धारा 3(1) के तहत एक वर्ष के लिए मुजफ्फरनगर जिला कारागार में निरुद्ध किया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि “ऑपरेशन सवेरा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने का एक संकल्प है। डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इस मुहिम में सहयोग करें और नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस की इस पहल से समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग स्वस्थ व सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
What's Your Reaction?