Sambhal : फर्जी बीमा पॉलिसी और लोन घोटाले में अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, जिंदा लोगों को मृत दर्शाकर हड़पते थे रुपए, अभी तक 67 गिरफ्तार
गिरोह विभिन्न बैंकों और बीमा कंपनियों को निशाना बनाकर फर्जी दस्तावेजों से मृत लोगों के नाम पर बीमा क्लेम और जिंदा लोगों के नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र ब
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल : पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बीमा पॉलिसी और पर्सनल लोन कराने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पंकज कुमार पुत्र अमृतलाल, निवासी सीतारगंज, उत्तराखंड है। उसके पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 39 चेकबुक, 07 डेबिट कार्ड, 28 आधार कार्ड और 23 पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देशन में थाना रजपुरा पुलिस टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ बीमा माफिया के रूप में कई राज्यों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह विभिन्न बैंकों और बीमा कंपनियों को निशाना बनाकर फर्जी दस्तावेजों से मृत लोगों के नाम पर बीमा क्लेम और जिंदा लोगों के नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर करोड़ों की बीमा राशि हड़पता था।
इससे पहले 15 फरवरी 2025 को शाहनवाज खान व हीरेंद्र कुमार नामक दो आरोपियों को बीमा धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही पर जांच आगे बढ़ी और दिल्ली निवासी मृतक त्रिलोक के नाम पर किए गए फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। त्रिलोक की पत्नी ने त्रिलोक के नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर बीमा क्लेम करने वाले पर अभियोग पंजीकृत कराया था, जबकि त्रिलोक की मृत्यु अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी और उसका मृत्यु प्रमाणपत्र पहले ही जारी हो चुका था।
ये गिरोह दो मुख्य तरीकों से धोखाधड़ी कर मृत व्यक्तियों के नाम पर बीमा करवा कर बीमा राशि हड़पना व अयोग्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेजों से पर्सनल लोन करा रुपए हड़पना था। आरोपियों द्वारा गरीब और अशिक्षित लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
फिर उनके आधार और पैन कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाकर लोन और बीमा पॉलिसियां करवाई जाती थीं। लोन की राशि आते ही आरोपी पैसे निकाल लेते थे और किस्त न चुकाने पर खाताधारक को परेशानी होती थी। इसी कड़ी में पकड़ा गया आरोपी पंकज गिरोह के प्रमुख सदस्यों में से है। उसने बताया कि वह खुद को एक कंपनी का डायरेक्टर दिखाकर कई राज्यों उत्तराखंड, यूपी, दिल्ली, पंजाब आदि में लोगों को अपनी कंपनी का कर्मचारी बताकर उनके नाम पर फर्जी दस्तावेजों से पर्सनल लोन और बीमा क्लेम कराता था।
इस मामले में अभी तक 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सम्भल पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच अभी भी जारी है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?











