Sitapur : गन्ने के खेत में नवजात शिशु का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में मचा हड़कंप
सूचना पाकर थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS ब्यूरो Sitapur
रेउसा सीतापुर थाना क्षेत्र के खरौहां गांव में मंगलवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब गन्ने के खेत से एक नवजात शिशु का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। खेत मालिक को जब यह जानकारी हुई तो उसने तत्काल ग्रामीणों को बुलाया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी के अनुसार खरौहां गांव निवासी हबीब खान के गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने एक नवजात शिशु का शव देखा। सात माह के करीब का यह शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। बताया जा रहा है कि शव के हाथ को किसी जानवर ने निवाला बना लिया था। जिससे शव की स्थिति और भी भयावह हो गई। यह नजारा देखकर ग्रामीण सहम उठे और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
- पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने नवजात को जन्म के बाद खेत में फेंक दिया होगा, जबकि कुछ लोग इसे आपराधिक घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि नवजात की मौत कैसे हुई। फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव के लोगों ने ऐसी घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि नवजात को खेत में फेंकना मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि इस घटना की सच्चाई जल्द से जल्द सामने आए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
Also Click : Sitapur : योगी सरकार के जीरो टॉलरेंस की धज्जियां उडा रहे सचिव और रोजगार सेवक, मनरेगा योजना बनी कमाऊं खाऊं योजना
What's Your Reaction?











