Hardoi : स्वास्थ्य विभाग की बैठकों में सख्ती – निजी अस्पतालों की अनियमितताओं पर कार्रवाई के आदेश, गर्भवती महिलाओं की जांच में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी ब्लॉकों में गर्भवती महिलाओं का 90 प्रतिशत से अधिक पंजीकरण एवं आवश्यक जांच समय पर की जानी चाहिए।
हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार हरदोई में जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग की कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में प्रमुख रूप से जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय बैठक, आयुष्मान जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक तथा संचारी रोग अभियान की समीक्षा बैठक शामिल रही।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी ब्लॉकों में गर्भवती महिलाओं का 90 प्रतिशत से अधिक पंजीकरण एवं आवश्यक जांच समय पर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में फर्स्ट रेफरल यूनिट शाहाबाद, पिहानी, संडीला, बिलग्राम के अतिरिक्त जिन स्थानों पर महिला चिकित्सक एवं निशुल्क जांच की सुविधा है, वहाँ हर माह कम से कम 10 सिजेरियन प्रसव अवश्य होने चाहिए। निजी चिकित्सालयों में हो रहे संस्थागत प्रसवों की रिपोर्ट भी शत-प्रतिशत संकलित की जाए, इसके लिए नोडल अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ब्रजमोती हॉस्पिटल, टडियावां तथा कटियार नर्सिंग होम, हरदोई के विरुद्ध आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों से नगद धन लेने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया। शिकायत निवारण समिति की अनुशंसा पर जिलाधिकारी ने दोनों अस्पतालों द्वारा लिए गए धन की दो से तीन गुना राशि मरीजों को लौटाने का आदेश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में भुगतान न करने पर दोनों चिकित्सालयों की आयुष्मान योजना से संबद्धता समाप्त कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिले के धान क्रय केंद्रों एवं उर्वरक वितरण केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की आरबीएसके टीमों द्वारा कैंप लगाकर नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए। उन्होंने दृष्टिदोष से ग्रसित बच्चों को चश्मा वितरण कराने का भी आदेश दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवानी शंकर पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त नोडल अधिकारी, संचारी रोग अभियान से जुड़े अधिकारी, सभी चिकित्सा इकाइयों के अधीक्षक तथा यूनिसेफ, फैमिली हेल्थ इंडिया, इराडा आदि संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े स्वास्थ्य कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Also Click : Lucknow : मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की, SIR प्रक्रिया पर सहयोग मांगा
What's Your Reaction?











