Lucknow : शिक्षा में नवाचार से मजबूत होगा विकसित उत्तर प्रदेश @2047 का सफर
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि आज तकनीकी हस्तक्षेप, डिजिटल सामग्री, कौशल आधारित शिक्षण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव शिक्षा प्रणाली के महत्व
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य पर योजना भवन में राज्य स्तरीय सम्मेलन 'शिक्षा में नवाचार, प्रगति का आधार—विकसित उत्तर प्रदेश @2047' का आयोजन हुआ। सम्मेलन में शिक्षा व्यवस्था के भविष्य, शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने, नई तकनीकों के उपयोग, बुनियादी सीखने के परिणामों में सुधार और विकसित भारत 2047 के विजन में यूपी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। हाल के सुधार जैसे स्मार्ट क्लासरूम, ई-लर्निंग संसाधन और शिक्षक प्रशिक्षण की डिजिटल सुविधाएं जमीनी स्तर पर असर दिखा रही हैं।
अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश का सपना पूरा करने के लिए शिक्षा को पारदर्शिता, गुणवत्ता, समान अवसर और नवाचार पर आधारित बनाना होगा। शिक्षकों का प्रशिक्षण, वैश्विक स्तर की शिक्षण पद्धति और मुख्य सीखने के परिणामों में सुधार को शिक्षा सुधार का मुख्य आधार बताया।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि आज तकनीकी हस्तक्षेप, डिजिटल सामग्री, कौशल आधारित शिक्षण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव शिक्षा प्रणाली के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। यदि नवाचार की यह गति बनी रही, तो यूपी देश का अग्रणी शिक्षा मॉडल बनेगा।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और शिक्षा सलाहकार प्रो डीपी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति विकसित भारत 2047 की मुख्य ऊर्जा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना यह लक्ष्य हासिल नहीं हो सकता। विकसित यूपी सिर्फ सरकार की योजना नहीं, बल्कि समाज और नीति निर्माताओं का सामूहिक संकल्प है।
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा, महानिदेशक मोनिका रानी, सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रो डीपी सिंह तथा नीति आयोग के ओएसडी कर्नल जितेंद्र वर्मा ने किया। कॉन्फ्रेंस में शिक्षा नवाचार और बुनियादी सीखने के क्षेत्र में काम करने वाली कई संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इनमें यूनिसेफ, लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन, भारती एयरटेल फाउंडेशन, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, सेंट्रल स्क्वेयर फाउंडेशन, एजुकेट गर्ल्स फाउंडेशन, सेंटर फॉर सिविल सोसाइटी और नेल्को (टाटा समूह) के मुख्य अधिकारी शामिल थे।
Also Click : Saharanpur : सहारनपुर में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने की तीन जिलों की पुलिस समीक्षा
What's Your Reaction?











