Sitapur : नैमिषारण्य के विकास में तेजी- सीतापुर-परसदा मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने की मंजूरी
सीतापुर-परसदा मार्ग नैमिषारण्य आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य रास्ता है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात सुगम होगा और बढ़ते वाहनों के दबाव से राहत मिले
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में स्थित पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य के समग्र विकास के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नैमिषारण्य से जुड़े मुख्य और लिंक मार्गों के चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया तेज की गई है। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम तथा दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन से नैमिषारण्य से जुड़ी सभी सड़कों की विस्तृत सूची मांगी है ताकि चरणबद्ध तरीके से जरूरी मार्गों को चौड़ा और सुरक्षित बनाया जा सके। इसी क्रम में सीतापुर-परसदा मार्ग को लगभग सात मीटर चौड़ा करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
सीतापुर-परसदा मार्ग नैमिषारण्य आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य रास्ता है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात सुगम होगा और बढ़ते वाहनों के दबाव से राहत मिलेगी। मुख्य मार्ग के अलावा आसपास के लिंक मार्गों के सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा ताकि नैमिषारण्य क्षेत्र में आवागमन आसान हो सके। सरकार का लक्ष्य नैमिषारण्य को धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है।
इस मार्ग पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के तहत पांच बसें सीतापुर-मधवापुर-परसदा-मछरेहटा-कल्ली मार्ग पर चल रही हैं। कटिया कस्बे में अक्सर भारी जाम लगता है। कटिया से केसरा तक सड़क संकरी, तिरछी और मोड़ों वाली है जिससे दुर्घटना का खतरा रहता है। यह मार्ग नैमिषारण्य के परिक्रमा मार्ग से भी जुड़ा है जहां दिनभर भारी यातायात और श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। सड़क चौड़ीकरण का फैसला स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा। सरकार बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित यातायात और आधुनिक सुविधाओं से नैमिषारण्य को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी में है। यह योजना श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगी।
Also Click : Lucknow: महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा कदमः समाज कल्याण योजनाओं पर जागरूकता कार्यशाला व समीक्षा बैठक संपन्न
What's Your Reaction?











