Sambhal: गांव हिसामपुर में लापता बच्चे का शव तालाब में मिला, इलाके में मचा मातम।
थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम हिसामपुर में उस समय मातम छा गया जब तीन दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम आयुष का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब में तैरता हुआ मिला। गांव की एक महिला
उवैस दानिश, सम्भल
थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम हिसामपुर में उस समय मातम छा गया जब तीन दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम आयुष का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब में तैरता हुआ मिला। गांव की एक महिला गोबर डालने के लिए तालाब की ओर गई थी, तभी उसने बच्चे का शव देखा और शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को अनुराग ने थाने में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। प्रार्थी ने बताया कि उसका लगभग पांच वर्षीय पुत्र आयुष गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। उसी दिन स्कूल से छुट्टी होने के बाद आयुष बाहर निकला और अपने सगे भाई को स्कूल बैग देकर कहीं लापता हो गया। परिजनों ने पहले खुद बच्चे को आस-पास ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना नखासा में मुकदमा अपराध संख्या 279/25, धारा 137(2) बीएनएस बनाम अज्ञात के तहत मामला दर्ज किया गया था। गांव वालों के अनुसार, बीते तीन दिनों से ग्रामीण लगातार बच्चे की तलाश कर रहे थे। पुलिस की टीम भी तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। बुधवार सुबह गांव की ही एक महिला जब गोबर डालने के लिए तालाब की ओर गई, तो उसने तालाब में किसी बच्चे का शव तैरता हुआ देखा। उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी। मृतक बच्चे की पहचान आयुष पुत्र अनुराग उर्फ गुड्डू के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है। बच्चे की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
Also Read- Sambhal: सम्भल में दीपावली पर पुलिस की कड़ी चौकसी, एएसपी ने पुलिस-पीएसी के साथ किया फुटमार्च
What's Your Reaction?











