संभल हिंसा का तीसरा दिन: उपद्रवियों की सीसीटीवी फुटेज जारी, तस्वीरें होंगी सार्वजनिक, नेताओं के घर पुलिस का पहरा
जामा मस्जिद के आसपास के इलाके को छोड़कर शहर के अधिकांश बाजार खुल गए। मंगलवार को स्कूल खुले, लेकिन संभल तहसील क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध बुधवार शाम तक के लिए बढ़ा दिया गया। उपद्रवियों की तलाश में पु....
संभल हिंसा अपडेट, तीसरा दिन..
संभल प्रशासन ने उपद्रवियों की कुछ सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं। इसमें वह तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक करने की तैयारी भी की जा रही है। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों को भी जेल भेजा जाएगा। वहीं बवाल के तीसरे दिन मंगलवार को शहर में तनावपूर्ण शांति रही।
जामा मस्जिद के आसपास के इलाके को छोड़कर शहर के अधिकांश बाजार खुल गए। मंगलवार को स्कूल खुले, लेकिन संभल तहसील क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध बुधवार शाम तक के लिए बढ़ा दिया गया। उपद्रवियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी है तो वहीं संभल जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सपा के जिलाध्यक्ष के घर को सोमवार की रात घेर लिया।
सपा विधायक पिंकी यादव, कमाल अख्तर के घर पर पुलिस का पहरा है। सांसद रुचिवीरा के घर भी पुलिस गई थी लेकिन वह घर नहीं थीं। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने उनके दिल्ली रोड स्थित घर को घेर रखा है। संभल शहर के अलावा आसपास के कस्बों और गांवों में भी बवालियों को ढूंढा जा रहा है। दर्जनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़ें: संभल हिंसा: सडक से संसद तक फैली 'संभल की आग', देश के बड़े नेताओं ने कही बड़ी बातें...
उनसे अलग-अलग थानों में पूछताछ करके अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा और डीआईजी मुनिराज जी ने मंगलवार सुबह पुलिस फोर्स के साथ शहर में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की और कहा कि दुकानें खोलें और व्यापार करें। हालांकि, शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानें खुलने के बावजूद सन्नाटा पसरा रहा। शहर की जामा मस्जिद के आसपास की दुकानें नहीं खुलीं। बवाल के बाद से भागे सैकड़ों लोगों के घरों पर अब भी ताले लटके हैं।
पूरा इलाका पुलिस छावनी बना है। कमिश्नर ने बताया कि सर्वे से एक दिन पहले जिला प्रशासन ने जामा मस्जिद कमेटी को नोटिस दिया था। जब सर्वे टीम पहुंची तो संभल विधायक इकबाल महमूद का बेटा सुहेल इकबाल भी जामा मस्जिद पहुंच गया। उसने सर्वे टीम के साथ शामिल होने की बात कही। टीम ने उसे साथ शामिल करने से मना कर दिया।
इसके बाद ही भीड़ जुटी और बवाल हुआ। उपद्रव में शामिल लोगों के फोटो शीघ्र जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें पकड़ने में आसानी होगी। पुलिस ने पथराव करने वाले सैकड़ों आरोपियों को चिह्नित कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि संभल में उपद्रव करने वालों के फोटो जारी किए जाएंगे। अफवाह फैलाने वाले भी सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।
प्रशासन के प्रयास से जनजीवन पहले की तरह स्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आशंका थी कि वह संभल जा रहे हैं। इसी प्रकार असमोली विधायक पिंकी यादव के मानसरोवर स्थित आवास, कांठ के विधायक कमाल अख्तर के जिगर कॉलोनी स्थित आवास पर गई थी। सांसद रुचिवीरा के घर भी पुलिस गई थी लेकिन वह घर मौजूद नहीं थीं। मंगलवार को वह भोजपूर स्थित शादी समारोह में गई थी तो पुलिस उनके पीछे लगी रही।
यह भी पढ़ें: संभल बवाल: हिंसा में हुई मौतों की न्यायिक जांच होगी, बर्बाद हुई संपत्ति की वसूली उपद्रवियों से की जाएगी
मंगलवार दोपहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभल पहुंचने की सूचना पर मंडल भर के अधिकारी अलर्ट हो गए। जनपद की सीमाएं सील कर दी गईं। अमरोहा व मुरादाबाद में दिल्ली हाईवे पर जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई। हालांकि, राहुल गांधी नहीं आए। संभल जिला प्रशासन ने बाहरी नेताओं के शहर में आने पर 30 नवंबर तक पाबंदी लगा रखी है। जामा मस्जिद के सर्वे के दाैरान हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभल जाने की सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
दिल्ली से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। हसनपुर एसडीएम सुनीता सिंह, सीओ श्वेताभ भास्कर और इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस ने ब्रजघाट पुलिस चौकी के सामने बैरियर लगा कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय खुफिया विभाग भी लगातार घटनाक्रम पर निगरानी रखे हुए हैं। संभल में हिंसा के बाद की स्थिति तनावपूर्ण शांति में बदल चुकी है, और प्रशासन पूरी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "संभल, उत्तर प्रदेश में हालिया विवाद पर राज्य सरकार का पक्षपात और जल्दबाज़ी भरा रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
What's Your Reaction?