Sambhal : भाई दूज पर सम्भल में सौहार्द की मिसाल, मंत्री गुलाब देवी ने मुस्लिम भाई को लगाया तिलक
गुलाब देवी के कोई सगे भाई नहीं हैं, लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता और फिरोज़ खां हिंदुस्तानी वर्षों से उन्हें अपनी बहन मानते हैं। हर साल की तरह इस बार भी भाई दूज के अवसर पर फि
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में भाई दूज के पर्व पर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने अपने मुंहबोले मुस्लिम भाई फिरोज़ खां हिंदुस्तानी को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उपहार स्वरूप गोला व मिठाई भेंट की। यह नज़ारा इस बात का प्रतीक बना कि भारत में विविधता में एकता ही असली ताकत है।
गुलाब देवी के कोई सगे भाई नहीं हैं, लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता और फिरोज़ खां हिंदुस्तानी वर्षों से उन्हें अपनी बहन मानते हैं। हर साल की तरह इस बार भी भाई दूज के अवसर पर फिरोज़ खां गुलाब देवी के आवास पर पहुंचे। मंत्री ने अपने मुंहबोले भाई का विधि-विधान से तिलक किया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर त्यौहार की परंपरा निभाई। इस भावनात्मक दृश्य को देखने के लिए मौके पर कई लोग मौजूद रहे। मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि भारत की संस्कृति प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है और जब यह संबंध धर्म की सीमाओं को लांघ कर निभाया जाता है, तो यह समाज को और मजबूत बनाता है।
वहीं, मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाले फिरोज़ खां हिंदुस्तानी ने इस मौके पर उन कट्टरपंथियों को करारा जवाब दिया, जिन्होंने उनके तिलक कराने और हिंदू परंपरा में शामिल होने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा “मंदिर जाने या तिलक कराने से ईमान खराब नहीं होता, बल्कि झूठ बोलने, नफरत फैलाने और बेईमानी करने से ईमान खराब होता है।” उन्होंने आगे कहा कि भाई दूज पर बहनें चंदन से तिलक करती हैं, जिससे मन शांत होता है और रिश्तों में प्रेम बढ़ता है।
फिरोज़ खां ने सभी भारतीयों से अपील की कि वे धर्म, जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर मिलजुलकर सभी त्यौहार मनाएं। उन्होंने कहा कि देश की असली पहचान आपसी भाईचारा और सौहार्द है, जिसे बनाए रखना हर नागरिक का फर्ज है। यह दृश्य सम्भल में सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया। जहां एक ओर मंत्री गुलाब देवी ने अपनी मुंहबोली भाई के प्रति स्नेह दिखाया, वहीं मुस्लिम भाई ने भी अपनी बातों से एकता का संदेश दिया। दोनों ने एक स्वर में कहा कि देश तब ही आगे बढ़ेगा जब लोग एक-दूसरे के त्यौहारों में शामिल होकर आपसी सम्मान और प्यार की भावना को मजबूत करेंगे।
Also Click : Hardoi : घरेलू कलह में अधेड़ ने लगाई फांसी, मौत, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
What's Your Reaction?











